
गुना। जिले के कैंट थाना क्षेत्र में आरक्षक (जीडी एवं रेडियो) भर्ती परीक्षा वर्ष 2023 के अंतर्गत चयनित दो अभ्यर्थियों द्वारा आधार कार्ड के बायोमेट्रिक डाटा में बार-बार संशोधन कर परीक्षा प्रक्रिया में संभावित फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त निर्देशों एवं 26वीं वाहिनी विसबल गुना द्वारा की गई जांच के आधार पर थाना कैंट पुलिस ने दोनों ही अभ्यर्थियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पहला मामला सुरेन्द्र गुर्जर पुत्र जगदीश सिंह गुर्जर निवासी ग्राम महारामपुर घाटीगांव बराई, जिला ग्वालियर का है। अभ्यर्थी द्वारा अपने आधार कार्ड का बायोमेट्रिक डाटा दो बार 5 अगस्त 2023 एवं 10 सितंबर 2023 को अपडेट कराया गया था। उल्लेखनीय है कि यह समयावधि उसकी लिखित परीक्षा के दौरान की थी, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ कि कहीं परीक्षा में किसी अन्य व्यक्ति को बैठाया तो नहीं गया।
इसी तरह दूसरा प्रकरण प्रदीप सिंह पुत्र सुरेश सिंह निवासी गुलियापुरा हार, गोरमी, जिला भिंड से संबंधित है, जिसने 20 जुलाई 2023 एवं 28 अगस्त 2023 को अपने आधार बायोमेट्रिक डाटा में संशोधन करवाया। इस दौरान भी परीक्षा प्रक्रिया जारी थी। दोनों अभ्यर्थियों की सहमति से उनकी आधार इतिहास की जांच इकाई स्तर पर गठित कमेटी द्वारा की गई, जिसमें यह तथ्य सामने आए। पुलिस मुख्यालय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भर्ती प्रक्रिया में यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक बार आधार बायोमेट्रिक डाटा अपडेट करता है तो उसकी गहराई से जांच कर यदि गड़बड़ी पाई जाए तो विधि अनुसार कार्रवाई की जाए। इन्हीं निर्देशों के आधार पर 26वीं वाहिनी विसबल की ओर से कैंट थाना पुलिस को कमेटी की रिपोर्ट, आधार इतिहास एवं अन्य दस्तावेज भेजे गए। थाना कैंट में पदस्थ उपनिरीक्षक बीएस सुनेरिया द्वारा प्रकरण की जांच की गई, जिसमें उक्त दोनों अभ्यर्थियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके आधार पर उनके विरुद्ध धारा 419, 420 भादवि एवं 3/4 परीक्षा अधिनियम 1982 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में परीक्षा में किसी अन्य व्यक्ति द्वारा परीक्षा दिए जाने की पुष्टि होती है तो अभियुक्तों पर और भी कठोर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। साथ ही, भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अन्य चयनित अभ्यर्थियों की भी गहन जांच की जाएगी।
