
गुना।पुलिस ने एक ही दिन में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबारियों की कमर तोड़ दी। इन कार्रवाइयों में कुल 15.85 लाख रुपये मूल्य की गांजा और स्मैक बरामद की गई है। साथ ही कुल 9 तस्करों को पकड़ा गया है, जो मुरैना, ग्वालियर, राजस्थान और गुना जिले के रहने वाले हैं। पहली कार्रवाई केंट थाना क्षेत्र के कुशमौदा इलाके में हुई। जहां एक अर्टिगा कार में सवार मुरैना-ग्वालियर के तीन तस्करों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा। कार की तलाशी में पुलिस को 5.1 किलो अवैध गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप तोमर निवासी रछेड़ मुरैना, राधेश्याम गुर्जर और नंदकिशोर धाकड़ निवासी दौरार ग्वालियर शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई मृगवास थाना पुलिस द्वारा की गई। यहां मुखबिर की सूचना पर राजस्थान के झालावाड़ जिले से स्मैक की तस्करी कर ला रहे दो युवकों नानूराम तंवर और प्रेमसिंह तंवर को ग्राम गादया के पास से पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से कुल 33.73 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3.30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई भी मृगवास थाना पुलिस द्वारा की गई, जहां चार स्थानीय तस्करों को 20.5 किलो गांजा के साथ दबोचा गया। ये आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बडकुंआ पठार क्षेत्र में सौदा करने पहुंचे थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। गांजे की कीमत लगभग 10.25 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में भगवती मीना (मुख्य सरगना), नैनकराम मीना, अंकित मीना और लक्ष्मीनारायण बंजारा शामिल हैं।
