इंदौर: ग्रामीण इलाके खुड़ैल में लेन-देन के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम आशाखेड़ी स्थित एक किराना दुकान पर उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने सनक में आकर एक युवक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन, कंधे और पीठ पर गंभीर घाव आए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से रफूचक्कर हो गया।
खुड़ैल पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 8 बजे ग्राम आशाखेड़ी में अमरसिंह की किराना दुकान पर हुई। फरियादी संजय पिता गोविंद रावत ने थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। संजय के अनुसार, गांव का ही बंटी पिता बद्रीलाल पैसे के लेन-देन को लेकर लखन नाम के युवक से कहासुनी कर रहा था। बहस के दौरान बंटी आपा खो बैठा और खुलेआम गालियां बकने लगा।जब लखन ने उसे गाली-गलौज करने से रोका, तो आरोपी बंटी ने तैश में आकर जेब से धारदार चाकू निकाला और लखन पर टूट पड़ा।आरोपी बंटी ने लखन के दोनों कंधों, पीठ, गर्दन के पिछले हिस्से और दाढ़ी पर चाकू से कई वार किए। अचानक हुए हमले से लखन वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। वारदात के बाद आरोपी दोबारा सामने आया तो जान से खत्म कर दूंगा की धमकी देता हुआ फरार हो गया।
