![]()
मंडला। जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंडला जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत दो दिवसीय ब्लॉक प्रोसेस लैब कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा और सीईओ श्रेयांश कुमट के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण ब्लॉक मंडला के 72 पीएम जनमन और धरती आबा गांवों में संचालित किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनजातीय विकास और परिवर्तन के लिए व्यक्तियों एवं संस्थानों को सशक्त बनाना था। इस दौरान प्रतिभागियों को सेवा, समर्पण और संकल्प के साथ विकसित भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। नाटक, खेल, प्रस्तुतीकरण और फिल्मों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से प्रदान की गई।
इस प्रशिक्षण में ब्लॉक मंडला के मलारा, मानादेई, जन्तीपुर, फूलसागर और पौंडी माल—इन पांच क्लस्टर के 72 गांवों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें वन विभाग, ग्रामीण पंचायत, स्वास्थ्य, पीएचई, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
मास्टर ट्रेनर्स ने प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री जनमन, धरती आबा, जनजातीय कल्याण, आर्थिक उत्थान और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से जनजातीय समुदायों तक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीतियां भी सिखाई गईं।
प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों ने आदि कर्मयोगी की शपथ ली और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स बीपी मेश्राम, उमा गणेश लोधी, धनीराम मरावी, शाहमेंन भवेदी, खेमराज मलगाम और सुमन बाला ठाकुर सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी मौजूद रहे।
