आप ने 650 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य योजना से जुड़ी फाइलें गायब होने पर उठाया सवाल

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली अध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने रविवार को दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग से 650 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य योजना से जुड़ी सैकड़ों सरकारी फाइलें गायब होने का आरोप लगाया।

श्री भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि दिल्ली सरकार का सतर्कता विभाग और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) लगभग दो महीने से इस मामले की जांच कर रहे हैं लेकिन उन्हें संबंधित दस्तावेज नहीं मिले हैं। उन्होंने घोटाले से जुड़े टेंडर पेपर, कार्य आदेश और अन्य सरकारी रिकॉर्ड स्वास्थ्य विभाग से गायब होने के आरोप लगाए। श्री भारद्वाज ने सवाल किया कि जांचकर्ताओं को फाइल रिकॉर्ड तक पहुंच क्यों नहीं दी गई, जबकि ये रिकॉर्ड डिजिटल रूप से रखे जाते हैं और सरकार की फाइल प्रबंधन प्रणाली के जरिए ट्रैक किए जाते हैं।

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सीसीटीवी सर्विलांस वाले सरकारी कार्यालयों से सैकड़ों फाइलों का गायब होना बिना जवाबदेही के संभव नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार फाइल रिकॉर्ड छिपा रही है और आरोप लगाया कि प्रशासन जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास कर रहा है।

श्री भारद्वाज ने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के सार्वजनिक आश्वासन के बावजूद दिल्ली सरकार पर जांच में मदद करने की बजाय मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। इन आरोपों पर दिल्ली सरकार या भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

 

 

Next Post

एनएच-39 देवसर में जाम से नही मिल रही राहत 

Sun Jul 12 , 2026
सिंगरौली । देवसर नगर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग -39 सीधी-सिंगरौली पर रविवार को एक बार फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े एक चारपहिया वाहन के कारण भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो गया, जिससे कुछ ही देर में दोनों ओर ट्रकों और अन्य […]

You May Like

Play sound