एनएच-39 देवसर में जाम से नही मिल रही राहत 

सिंगरौली । देवसर नगर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग -39 सीधी-सिंगरौली पर रविवार को एक बार फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े एक चारपहिया वाहन के कारण भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो गया, जिससे कुछ ही देर में दोनों ओर ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही और राहगीरों के साथ यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार नगर क्षेत्र में सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग, फुटपाथों पर अतिक्रमण और दुकानों के सड़क तक फैलाव के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में किसी एक वाहन के रुकते ही यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। लोगों का कहना है कि यह समस्या अब रोजमर्रा की स्थिति बनती जा रही है। भारी वाहन चालकों ने बताया कि जाम के कारण समय के साथ ईंधन की भी बर्बादी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि छोटे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित निगरानी, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा व्यवस्थित यातायात प्रबंधन लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जाम और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Next Post

दतिया में कल नामांकन भरेंगे आशुतोष और घनश्याम, मुकाबला हुआ रोमांचक

Sun Jul 12 , 2026
दतिया। दतिया उपचुनाव को लेकर अब परिदृश्य साफ हो गया है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी से होगा. चुनाव मैदान में आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव भी हैं। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी एवं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम […]

You May Like