सतना : जंगल में नदी के किनारे मौजूद झाडिय़ों और खोह जैसे कठिनाई से नजर आने वाले स्थान को महुआ लाहन का जखीरा छिपाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस ने छापेमारी कर 70 डिब्बों में भरकर रखे गए 1050 किलो लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया. वहीं अवैध शराब बनाने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.मैहर जिले के ताला थाना अंतर्गत मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से इस बात की सूचना मिली थी कि जंगल में नदी किनारे अवैध तौर पर शराब निर्माण किया जा रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मुर्जआ नदी के किनारे पहुंच कर छापेमारी शुरु कर दी. प्रारंभिक पड़ताल में सब कुछ सामान्य नजर आया. लेकिन जब टीम ने बारीकी से जांच करते हुए घनी झाडिय़ों को हटाकर देखा तो वहां पर 15 किलो की क्षमता वाले प्लास्टिक के कंटेनर रखे मिले. इसी कड़ी में पुलिस टीम ने सघन तलाशी करते हुए नदी किनारे मौजूद खोह की भी जांच की तो वहां पर भी प्लास्टिक के डिब्बे मिले. उक्त स्थान से पुलिस को कुल 70 डिब्बे मिले. जिनमें 1050 किलो महुआ लाहन भरा हुआ था. जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा चोरी छिपे अवैध तौर पर शराब बनाने वालों की पहचान करने का प्रयास शुरु कर दिया गया है.
