
दतिया। दतिया उपचुनाव को लेकर अब परिदृश्य साफ हो गया है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी से होगा. चुनाव मैदान में आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव भी हैं। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी एवं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह कल सोमवार, 13 जुलाई को विशाल जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र भरेंगे। दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता इस मौके पर प्रत्याशियों के साथ रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व प्रातः 11 बजे दतिया कलेक्ट्रेट पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को नामांकन दाखिल कराएंगे। तत्पश्चात दोपहर एक बजे किला चौक पर आमसभा आयोजित होगी। जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
पीसीसी सदर जीतू पटवारी भी आज रात्रि दतिया पहुंच चुके हैं। वे कल कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के नामांकन दाखिले के समय मौजूद रहेंगे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं के भी इस अवसर पर मौजूद रहने की उम्मीद है। नामांकन दाखिले से पहले रिंग रोड पर सुबह 11 बजे कांग्रेस सभा करेगी
उपचुनाव में दिलचस्प मुकाबले के आसार हैं। बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के खिलाफ कांग्रेस नेता घनश्याम सिंह के नाम पर मुहर लगाने के बाद अनुभव बनाम युवा नेतृत्व की दिलचस्प राजनीतिक लड़ाई देखने को मिलेगी. दोनों दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और आगामी दिनों में प्रचार अभियान भी गति पकड़ने की संभावना है.
