तेज रफ्तार कार का तांडव, बस स्टॉप किया क्षतिग्रस्त

इंदौर: पलासिया चौराहे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार एक कार बेकाबू होकर बस स्टॉप को तोड़ते हुए सीधे पलासिया थाने में घुस गई. हादसे में बस स्टॉप पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया, जबकि कार सवार चारों युवक मौके से फरार हो गए.घटना गुरुवार रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच की है. कार साकेत की ओर से तेज गति में आई और सबसे पहले स्मार्ट सिटी के बस स्टॉप, फुटपाथ व रेलिंग को टक्कर मारते हुए थाने की बाउंड्रीवॉल तोड़कर अंदर घुस गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस स्टॉप का पूरा ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया.

उसी समय बस स्टॉप के पास एक व्यक्ति सो रहा था, जो बाल-बाल बच गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, थाने में भी हड़कंप की स्थिति बन गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में चार युवक सवार थे, जो गाड़ी रुकते ही बाहर निकलकर उसे वहीं छोड़कर भाग गए. पुलिस जांच में कार रतलाम के पिपलौदा निवासी महेश सुथार के नाम पर रजिस्टर्ड है. पलासिया पुलिस ने कार जब्त कर ली है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है. थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि वाहन मालिक से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है.

कई वाहनों को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित कार दुकान में जा घुसी
इधर, जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में भी गुरुवार को एक अन्य हादसा सामने आया. यहां एक युवती कार से नियंत्रण खो बैठी और कार कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए एक दुकान में जा घुसी. गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ. हादसे के बाद पुलिस पहुंची, लेकिन लोगों ने शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया. थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि एमपी 09-एमवाई-1008 नंबर की कार त्रिवेणी कॉलोनी निवासी सौम्या जतिन राजपाल चला रही थी. कॉलेज छात्रा सौम्या टावर चौराहा से अग्रसेन चौराहा की ओर जा रही थी. अग्रवाल स्वीट्स के पास वह घबरा गई और नियंत्रण खो बैठी, जिससे कई दो पहिया वाहनों को टक्कर मारते हुए अनिल हार्डवेयर दुकान में जा घुसी. संयोग से उस समय दुकान बंद थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था, टक्कर में दो पहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

Next Post

दो पैडलरों से 1.29 करोड़ की 129 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त

Sat May 2 , 2026
इंदौर: मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बाणगंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 129 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) जब्त की है, जिसकी अंतरराष्टीय बाजार में कीमत करीब 1.29 करोड़ आंकी गई है. पुलिस ने इस मामले में दो पैडलरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को आरोपियों […]

You May Like