चावल, दालों में तेजी, गेहूं नरम, खाद्य तेलों में घट-बढ़

नयी दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल का औसत भाव चढ़ गया। दालों में भी तेजी रही। गेहूं में नरमी देखी गयी जबकि चीनी की कीमत लगभग अपरिवर्तित रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल का औसत भाव 22 रुपये बढ़कर 3,867 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। गेहूं नौ रुपये सस्ता हुआ और 2,771 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत तीन रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गयी। दाल-दलहनों में तेजी रही। मूंग दाल की औसत कीमत 18 रुपये और तुअर दाल की 16 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल 15 रुपये और चना दाल 11 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मसूर दाल के दाम कमोबेश स्थिर रहे।

अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्ध विराम पर सहमति बनने के बाद विदेशों में खाद्य तेलों में तीन प्रतिशत से अधिक की बड़ी गिरावट देखी गयी। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जून का पाम ऑयल वायदा 179 रिंगिट गिरकर 4,586 रिंगिट प्रति टन पर रहा। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 3.65 प्रतिशत फिसलकर 66.87 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 66 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंगफली तेल और वनस्पति के भाव 33-33 रुपये बढ़े। सूरजमुखी तेल 25 रुपये महंगा हुआ। पाम ऑयल 13 रुपये और सोया तेल छह रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 12 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी गत दिवस के स्तर पर टिकी रही।

Next Post

चार दिनों बाद दस वर्षीय बालक के घर लौटने पर परिजनों में छाई खुशियां

Wed Apr 8 , 2026
पांढुरना। चार दिनों से लापता ग्राम बड़चिचोली के दस वर्षीय बालक को पुलिस की मदद से नागपुर में ढूढ निकालने के बाद इसे परिजनों को सौप दिया, जिसके बाद परिजनों में खुशी का वातावरण बना हुआ है। ग्राम बड़चिचोली निवासी दस वर्षीय नाबालिक 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर […]

You May Like