होली पर पुलिस का सख्त पहरा राजवाड़ा समेत पूरे शहर में सघन चेकिंग, हुड़दंगियों पर कसी नकेल

इंदौर. रंगों के त्योहार होली पर इंदौर की सड़कों पर पुलिस का सख्त पहरा दिखाई दिया. शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई. राजवाड़ा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से लेकर गली-मोहल्लों तक भारी पुलिस बल तैनात रहा, जहाँ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही सख्त कार्रवाई की गई.

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने खुद शहर के प्रमुख संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया. विशेष रूप से राजवाड़ा और उसके आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया. सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया, जिससे भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर पल-पल की नजर रखी गई.

 

तीन सवारी और नशेड़ियों पर चला पुलिस का डंडा

 

शहर में जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग की गई. पुलिस की टीमें उन वाहन चालकों पर विशेष नजर रख रही थीं जो नशे की हालत में गाड़ी चला रहे थे. तीन सवारी बैठाकर फर्राटा भरने वाले चालकों की न केवल चालानी कार्रवाई की गई, बल्कि कई जगह पुलिस ने उनकी गाड़ियों की हवा भी निकाल दी. मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक प्रहरी और पुलिस के आला अधिकारी मैदान में डटे रहे. लोगों तक शांति और भाईचारे का संदेश पहुँचाने के लिए पुलिस ने अनोखा तरीका अपनाया. पुलिस की आवाज़ हर नागरिक तक स्पष्ट पहुँचे, इसके लिए डीजे की गाड़ियों की मदद ली गई. अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सुरक्षित होली खेलने, हुड़दंग न करने और संदिग्धों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई.

Next Post

खाड़ी देशों में फंसे एमपी के लोगों के लिए 24x7 कंट्रोल रूम, मप्र भवन नई दिल्ली में विशेष व्यवस्था

Wed Mar 4 , 2026
भोपाल। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन ने खाड़ी देशों में रह रहे प्रदेशवासियों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शासन द्वारा मध्यप्रदेश भवन, नई दिल्ली में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो चौबीसों घंटे सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा। यह कंट्रोल रूम खाड़ी […]

You May Like