सड़क निर्माण कंपनी के कैंप में खूनी खेल, मशीन ऑपरेटर की रॉड से पीट-पीटकर हत्या

छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत रनगुवां गांव में सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक एलएनटी मशीन ऑपरेटर की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रनगुवां के पास सड़क निर्माण कार्य कर रही जीआरटीसी कंपनी के कैंप में कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कुछ कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एलएनटी मशीन ऑपरेटर विजय रावत पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में विजय गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद विजय रावत को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खजुराहो एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल और बमीठा थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा निर्माण कंपनी के कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। घटना के बाद फरार हुए संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एहतियातन कंपनी कैंप और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Next Post

सरवटे बस स्टैंड के होटल की छत पर सुबह लगी आग, टॉवर समेत सामान जलकर हुआ राख 

Thu Jun 4 , 2026
इंदौर. सरवटे बस स्टैंड स्थित एक होटल की छत पर गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा तफरी मच गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और समय रहते दो हजार लीटर पानी से आग पर काबू पा लिया. घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन […]

You May Like

मनोरंजन