प्रतिभाशाली युवा ही राष्ट्र की सच्ची पूंजी 

रीवा।उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय में आयोजित समारोह में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली युवा ही देश की सच्ची पूंजी हैं. परिश्रम और लगन से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है. मेरिट में स्थान प्राप्त करके सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनकी प्रतिभा और परिश्रम की कठिन साधना है. विद्यार्थी संस्कारयुक्त शिक्षा और ऊंचे लक्ष्य प्राप्त कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएं. जो विद्यार्थी मेरिट सूची में स्थान नहीं बना सके वे पुन: अधिक मेहनत के साथ प्रयास करें. असफलता से मिली सीख ही हमें सफलता की राह दिखाती है. शिक्षा तभी सम्पूर्ण होगी जब उसमें सांस्कृतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों का समावेश हो.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए स्वामी विवेकानंद का जीवन सबसे प्रेरक है. उन्होंने कहा था कि युवा ही राष्ट्र की रीढ़ और भविष्य के नियंता हैं. स्वामी विवेकानंद ने 1893 में ही भविष्यवाणी कर दी थी कि 21वीं सदी भारत की होगी. विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से स्वामी जी की इस भविष्यवाणी को सच बनाएं. देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक देश को विकास के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाने का संकल्प लिया है. इसे पूरा करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय में जनभागीदारी तथा स्ववित्तीय शिक्षकों के मानदेय में पाँच हजार रुपए की वृद्धि की गई है. इसी तरह कुशल श्रमिकों के मानदेय में 2955 रुपए, अर्द्धकुशल श्रमिक 2613 रुपए तथा अकुशल श्रमिकों के मानदेय में 2470 रुपए प्रतिमाह की वृद्धि मंजूर की गई है. समारोह में संस्था की प्राचार्य डॉ अर्पिता अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में संचालित नवीन व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी. समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र ताम्रकार, प्रशासनिक अधिकारी डॉ महानंद द्विवेदी, प्राध्यापक डॉ अजय शंकर पाण्डेय, डॉ नागेश त्रिपाठी, डॉ शिप्रा द्विवेदी, डॉ ज्योत्स्ना द्विवेदी, डॉ अखिलेश शुक्ला तथा बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे.

Next Post

नवागत पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने किया पदभार ग्रहण 

Fri Sep 12 , 2025
सीधी।नवागत पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने आज पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं स्टाफ से औपचारिक मुलाकात की।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीधी अरविंद श्रीवास्तव, डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा, एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी, परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कड़वे, रक्षित […]

You May Like