जिनपिंग ने रूसी ड्यूमा अध्यक्ष से मुलाकात की

बीजिंग, 26 अगस्त (वार्ता) चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को कहा कि चीन-रूस संबंध सबसे स्थिर, परिपक्व और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं और दोनों देशों का आपसी संबंधों को निरंतर बढ़ावा देना उनके एवं वैश्विक शांति के हित में है।

श्री जिनपिंग ने यह बात यहां आए रूसी संसद के निचले सदन, स्टेट ड्यूमा के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोडिन से मुलाकात में कही।

श्री जिनपिंग ने कहा, “मैंने रूस की राजकीय यात्रा की और सोवियत संघ के महान युद्ध की विजय की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लिया।” उन्होंने यह भी बताया कि अगले सप्ताह चीन, जापानी आक्रमण के विरुद्ध हुए चीनी जन प्रतिरोध युद्ध और विश्व फासीवाद-विरोधी युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगा।

उन्होंने कहा कि चीन और सोवियत संघ ने जापानी सैन्यवाद और जर्मन नाज़ीवाद के आक्रमण का सामना किया और द्वितीय विश्व युद्ध की विजय में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्री वोलोडिन ने राष्ट्रपति जिनपिंग को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों राष्ट्रपतियों के रणनीतिक मार्गदर्शन में, रूस-चीन संबंधों में और अधिक विकास हुआ है और इसके सार्थक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि रूस फासीवाद पर विजय का जश्न मनाने, शहीद नायकों को श्रद्धांजलि देने और बेहतर भविष्य के लिए काम करने में चीन के साथ शामिल होगा।

Next Post

ऑस्ट्रेलिया ने ईरानी राजदूत को निष्कासित किया

Tue Aug 26 , 2025
कैनबरा, 26 अगस्त (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया ने ईरान के राजदूत अहमद सादेघी को निष्कासित कर ईरान में अपने दूतावास को बंद कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने यहूदी विरोधी हमलों में ईरान की कथित लिप्तता के कारण यह कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया के […]

You May Like