इस्पात, सीमेंट उद्योगों में तेजी से जुलाई में दो फीसदी बढ़ा आठ प्रमुख उद्योगों का उत्पादन

नयी दिल्ली, (वार्ता) इस्पात और सीमेंट उद्योगों के सूचकांकों में दहाई वृद्धि दर रहने से इस साल जुलाई में आठ प्रमुख उद्योगों का उत्पादन सूचकांक साल-दर-साल आधार पर दो प्रतिशत बढ़ गया।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि जुलाई में इस्पात का उत्पादन सूचकांक 12.8 प्रतिशत और सीमेंट का 11.7 प्रतिशत बढ़ गया। उर्वरक और बिजली क्षेत्र में उत्पादन क्रमशः दो प्रतिशत और 0.5 प्रतिशत बढ़े।

जुलाई में कोयला क्षेत्र के उत्पादन में 12.3 फीसदी की बड़ी गिरावट देखी गयी। आठ प्रमुख उद्योगों में सबसे अधिक 28 प्रतिशत का भारांश रखने वाले रिफाइनरी उद्योग के उत्पादन सूचकांक में एक प्रतिशत और कच्चे तेल में 1.3 प्रतिशत की गिरावट रही। प्राकृतिक गैस का उत्पादन सूचकांक 3.2 प्रतिशत फिसल गया।

इससे पहले जून 2025 में आठ प्रमुख उद्योगों का सम्मिलित सूचकांक 2.2 प्रतिशत और जुलाई 2024 में 6.3 प्रतिशत दर्ज किया गया था।

चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीने में अप्रैल से जुलाई तक आठ प्रमुख उद्योगों का सम्मिलित सूचकांक साल-दर-साल आधार पर 1.6 प्रतिशत बढ़ा। पिछले साल इसी अवधि में यह 6.3 प्रतिशत रहा था।

अप्रैल-जुलाई की अवधि में इस्पात उद्योग का सूचकांक 8.5 प्रतिशत और सीमेंट का 8.9 प्रतिशत बढ़ा। अन्य सभी उद्योगों में गिरावट रही है। रिफाइनरी का सूचकांक 0.3 प्रतिशत, उर्वरक का 2.2 प्रतिशत और बिजली का 1.0 प्रतिशत घट गया। कोयले का उत्पादन सूचकांक 3.1 प्रतिशत, प्राकृतिक गैस का 2.6 प्रतिशत और कच्चे तेल का 1.7 प्रतिशत घट गया।

Next Post

विक्रान इंजीनियरिंग का आईपीओ 26 अगस्त को खुलेगा

Thu Aug 21 , 2025
अहमदाबाद, (वार्ता) विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम ( आईपीओ) 26 अगस्त को खुलेगा। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा कि उसने अपने आईपीओ के लिए प्रति इक्विटी शेयर की कीमत 92 से 97 रुपये तय की है, जिसकी फेस वैल्यू एक रुपया है। आईपीओ मंगलवार, 26 […]

You May Like