इंदौर: मल्हारगंज थाना क्षेत्र के बड़े गणपति इलाके में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.मल्हारगंज पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 26 वर्षीय अरुण सोनी पुत्र तेज बहादुर सोनी, निवासी स्कीम नंबर-51 के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अरुण बुधवार रात बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी बड़े गणपति क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों के मुताबिक अरुण अपने दोनों बच्चों को लेने ससुराल महेश गाइड लाइन क्षेत्र जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया. घटना के बाद वहां से गुजर रहे थार वाहन में सवार युवकों ने उन्हें शशि नर्सिंग होम पहुंचाया और उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी. परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि अरुण फाइनेंस का काम करते थे और परिवार के अन्य सदस्य भी इसी व्यवसाय से जुड़े हैं.
