सिंगरौली: नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों सड़कों की स्थिति काफी खराब हो गई है। शहर के कई इलाकों में गैस पाइपलाइन और सीवर लाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोद दिया गया है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी इन गड्ढों को ठीक से भरा नहीं गया है। इसके कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों पर पाइपलाइन डालने के लिए खुदाई की गई थी। कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य समय पर नहीं किया गया, जिससे जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इन सड़कों से रोजाना भारी वाहनों सहित हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। खराब और उबड़-खाबड़ सड़कों के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। कई स्थानों पर सड़कें आधी-अधूरी छोड़ दी गई हैं और मरम्मत का काम भी गुणवत्ता के अनुसार नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन गड्ढों को नहीं भरा गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शहर की सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
