राष्ट्रीय एकता के लिए दौड़े छात्र-छात्राएं और शहरवासी

सतना:लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को सतना में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम, जवाहर नगर से पुलिस परेड ग्राउंड, सिविल लाइन तक आयोजित इस एकता दौड़ में छात्र-छात्राओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर पुष्पहार अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय और सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। इसके बाद महापौर योगेश ताम्रकार,जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय और कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया।

हरी झंडी दिखाने के बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी दौड़ में सहभागिता की। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे, जिला खेल अधिकारी सुश्री रितिका दुबे, रक्षित निरीक्षक श्रीमती देविका सिंह बघेल, सीएसपी मनीष त्रिपाठी, एसपी तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सलोनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शैक्षणिक संस्थानों के स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Next Post

जरूरतमंद परिवारों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है: राधा

Sat Oct 31 , 2026
सिंगरौली : सीएम जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जपं चितरंगी की ग्राम पंचायत सुलखानखुर्द में आयोजित शिविर में राज्यमंत्री राधा सिंह, प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय की उपस्थिति में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।इस अवसर पर राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन […]

You May Like