स्कूलों और कॉलेजों में गूंजा शुद्ध वायु का संकल्प

जबलपुर: वायु गुणवत्ता में सुधार लाने नगर निगम ने अनूठी पहल की जिसके तहत स्कूलों और कॉलेजों में शुद्ध वायु का संकल्प गूंजा। दरअसल महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भावी पीढ़ी को सजग बनाने के लिए नगर निगम द्वारा एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में हजारों छात्र-छात्राओं को पर्यावरण प्रहरी के रूप में तैयार किया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक हजारों विद्यार्थियों ने भागीदारी की है।

निगम के अधिकारियों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने छात्रों को वायु प्रदूषण के कारणों और उसे कम करने के व्यावहारिक तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को यह समझाना है कि छोटे-छोटे प्रयासों, जैसे – पौधारोपण, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग और कचरा न जलाने से – कैसे बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। सेंट नॉर्बर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल, भवरताल, नातन धर्म पब्लिक स्कूल, हथीताल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल, घमापुर, केंद्रीय विद्यालय, जी.सी.एफ, गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल, ग्वारीघाट, पी.एम. केंद्रीय विद्यालय 1 एस.टी.सी., सदर, वेस्ट सेंट्रल रेलवे स्कूल, मानकुवर महिला कॉलेज, नवयुग कॉलेज, महाकौशल कॉलेज, महाराष्ट्र कॉलेज, तेग बहादुर खालसा कॉलेज, ए.पी.एन. कॉलेज, नचिकेता कॉलेज, हितकारिणी कॉलेज आदि के हजारों विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
क्विज प्रतियोगिता: ज्ञान के साथ सम्मान भी
जागरूकता को रोचक बनाने के लिए निगम द्वारा वायु गुणवत्ता सुधार उपायों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्कूल और कॉलेज से 5 सबसे मेधावी बच्चों का चयन किया गया है जिन्होंने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े तकनीकी और सामान्य सवालों के सटीक जवाब दिए। इन विजेता छात्रों को नगर निगम द्वारा विशेष रूप से पुरस्कृत किया जा रहा है, ताकि अन्य विद्यार्थी भी इससे प्रेरित हों।
प्राचार्यों का भी बढ़ा मान
नगर निगम ने इस अभियान की सफलता में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को भी रेखांकित किया है। निगम प्रशासन की ओर से उन सभी स्कूलों और कॉलेजों के प्राचार्यों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने इस अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि युवा शक्ति ही समाज में बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि बच्चे वायु गुणवत्ता के प्रति जागरूक होंगे, तो वे अपने परिवार और समाज को भी प्रेरित कर सकेंगे।

Next Post

राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं ने दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी

Fri Jan 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी और अन्य नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर राजघाट जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके अलावा अन्य नेताओं ने भी बापू को नमन किया । प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री […]

You May Like