नरसिंहपुर: जबलपुर रेल मंडल में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर शुक्रवार को नरसिंहपुर के रेलवे अस्पताल में श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें 46 श्रमिकों का चेकअप किया गया। 23 लोगों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। शिविर में श्रमिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई। उन्हें नशे से दूर रहने, संतुलित आहार लेने और योग व व्यायाम के माध्यम से मानसिक तनाव को कम करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस साल के मजदूर दिवस की थीम कार्यस्थल पर मानसिक रूप से स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना रही। कार्यक्रम में काम के दौरान होने वाले तनाव, दबाव और जोखिम को कम करने पर विशेष जोर दिया गया। श्रमिकों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के विभिन्न उपाय भी बताए गए। रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकारों, 8 घंटे के कार्य समय की महत्ता और समय पर मजदूरी भुगतान जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए श्रमिकों को सम्मानित भी किया गया।
