लखनऊ, 11 जुलाई (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि किसान सरकार की प्राथमिकता में हैं। उनका शोषण कतई बर्दाश्त नहीं है।
श्री योगी ने कहा कि सरकार निर्धारित मूल्य (एमआरपी) पर किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक की सुगमतापूर्वक उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कटिबद्ध है। उर्वरक के वितरण में असामाजिक तत्वों द्वारा कालाबाजारी/जमाखोरी/ओवररेटिंग/टैगिंग आदि से किसान प्रभावित न हों, इस बात का भी विशेष ध्यान रखते हुए कार्यवाही की जा रही है। गुणवतायुक्त उर्वरकों की उपलब्धता बनाये रखने एवं उचित मूल्य पर वितरण के सम्बन्ध में अधिकारियों द्वारा भी अनुश्रवण किया जा रहा है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उर्वरक के बारे में सम्पूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि इसकी कहीं भी कोई किल्लत नहीं है। उन्होने कहा कि पिछले खरीफ सत्र में यूरिया उर्वरक की कुल खपत 18.98 लाख मीट्रिक टन हुई थी। खरीफ 2025 में माह जून तक निर्धारित लक्ष्य 12.52 लाख मी0टन के सापेक्ष दिनांक 10 जुलाई तक 28.56 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है।
उन्होने कहा कि किसानों की फसल की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक प्रदेश के सभी जनपदों में सहकारी समितियों एवं बिक्री केन्द्रों पर उपलब्ध है। अपनी फसल की आवश्यकतानुसार किसान समय-समय पर उर्वरक क्रय कर प्रयोग कर सकते हैं। किसी भी स्थिति में उर्वरक का क्रय कर भण्डारित न करें।
