किसानों को उचित मुआवजा मिलने तक जूते न पहनने का संकल्प लिया विधायक ने

श्योपुर: श्योपुर जिले में लगातार हुई बारिश से हजारों किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं. कटाई के बाद खेतों और घरों में खुले में सूख रही धान भीग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है. किसानों से मिलने इन हालातों में श्योपुर विधायक बाबू जंडेल गांव-गांव पहुंच रहे हैं. उन्होंने किसानों को उचित मुआवजा मिलने तक जूते न पहनने का संकल्प लिया है.

विधायक बाबू जंडेल ने सोई, सोंठवा, मानपुर, बगडुआ सहित कई प्रभावित गांवों का दौरा किया. उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि प्राकृतिक आपदा के इस समय में किसान अकेले नहीं है. विधायक जंडेल ने कहा कि जब तक हर किसान को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता है, वे चैन से नहीं बैठेंगे. उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर त्वरित सर्वे और नुकसान का सही आकलन कर सहायता राशि वितरित करने की बात कही.

किसानों के इस दर्द को उन्होंने खुद से जोड़ा और एक संकल्प लिया. उन्होंने घोषणा की कि जब तक श्योपुर के किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे जूते नहीं पहनेंगे. विधायक ने प्रभावित खेतों में अपने जूते उतारकर स्थिति का जायजा लिया और किसानों की समस्याओं को विस्तार से सुना. विधायक ने इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि फसल क्षति सर्वे में किसी प्रकार की लापरवाही न हो. विधायक ने कहा कि हर पात्र किसान को राहत राशि उपलब्ध कराई जाए.
किसानों में जगी आर्थिक सहायता की उम्मीद
विधायक ने कहा कि वे बारिश से नुकसान झेल रहे किसानों की मदद के लिए लगातार प्रयासरत हैं. वहीं विधायक के पहुंचने से किसानों ने उम्मीद जताई कि विधायक की सक्रियता और संवेदनशीलता से उन्हें जल्द ही बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी. साथ ही विधायक ने जरूरत पड़ने पर उच्चस्तरीय अधिकारियों से भी चर्चा करने की बात कही है.

Next Post

रेलवे ट्रैक पर मिले वृद्ध और महिला के शव

Wed Oct 29 , 2025
सतना : रेलवे ट्रैक पर दो अलग अलग स्थानों पर वृद्ध और महिला के शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं उनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.मझगवां थाने से मिली जानकारी […]

You May Like