
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर महानगर में क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक ले जाने और युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को ग्वालियर में एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने संयुक्त रूप से ‘दा वन हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर’ का भव्य उद्घाटन किया।इस नए सेंटर का प्रमुख उद्देश्य राज्य के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीक और उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना जलवा बिखेर सके।
उद्घाटन समारोह के दौरान क्रिकेट के मैदान का एक बेहद दिलचस्प नजारा देखने को मिला। यहाँ खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। इस मौके पर स्टार बल्लेबाज शिखर धवन ने सेंटर के युवा गेंदबाजों की गेंदों का सामना किया। वहीं, एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने भी शिखर धवन को गेंदबाजी की, जिस पर धवन ने बड़ी सहजता से डिफेंस खेला। दोनों के बीच की यह जुगलबंदी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ इसका उत्साहवर्धन किया।
*एमपीएल वुमन टीम का ड्राफ्ट संपन्न*
इस शुभ अवसर पर ग्वालियर के इम्पीरियल गोल्फ रिज़ॉर्ट में एमपीएल वुमन टीम के खिलाड़ियों का ड्राफ्ट भी आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण समारोह में एमपीएल के संस्थापक और एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन, पूर्व भारतीय खिलाड़ी सबा करीम और शिखर धवन की धर्मपत्नी सोफी धवन ने विशेष रूप से शिरकत की।
इस ड्राफ्ट के माध्यम से एमपीएल की पाँच महिला टीमें 2026 के आगामी सीज़न के लिए अपनी-अपनी टीमों को मजबूत बनाने हेतु प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर रही हैं। इस पहल से महिला क्रिकेट को भी ग्वालियर और मध्य प्रदेश में एक नई पहचान और गति मिलने की पूरी उम्मीद है।
