भोपाल: पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने सोमवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल सहित कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे। सभी ने पवैया को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आयोग पंचायतों और नगरीय निकायों को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
समारोह में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भी बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि संविधान के 73वें और 74वें संशोधनों के तहत राज्य वित्त आयोग का गठन हर पांच वर्ष में किया जाता है। आयोग का मुख्य कार्य पंचायतों और नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति का आकलन कर संसाधनों के बेहतर वितरण के लिए सुझाव देना होता है।
