भोपाल। राजधानी स्थित आईसीएमआर–बीएमएचआरसी नर्सिंग कॉलेज में प्राचार्य का पद रिक्त होने के बावजूद उप प्राचार्य को प्राचार्य का प्रभार सौंपे जाने पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने गंभीर सवाल उठाए हैं। एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने आरोप लगाया कि कॉलेज का संचालन भारतीय नर्सिंग परिषद (आईएनसी) और मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल (एमपीएनआरसी) द्वारा निर्धारित मानदंडों के विपरीत किया जा रहा है।
परमार ने सवाल उठाया कि उप प्राचार्य प्रभा अग्निभोज को प्राचार्य का प्रभार सौंपने से पहले निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और आवश्यक पेशेवर अनुभव सहित सभी पात्रता मानदंडों का विधिवत सत्यापन किया गया था या नहीं।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने प्रभा अग्निभोज की योग्यता, अनुभव और नियामकीय मानदंडों के तहत पात्रता की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि नियमों में किसी भी प्रकार की अनदेखी का सीधा असर विद्यार्थियों और शैक्षणिक मानकों पर पड़ सकता है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि समयबद्ध जांच और उचित कार्रवाई शुरू नहीं होने पर एमपीएनआरसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
