यरूशलम, 13 अप्रैल (वार्ता) इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि लेबनान में इज़रायली सेना ‘मजबूत सुरक्षा क्षेत्र’ बनाकर सीमा से खतरे को दूर कर रही है और उत्तरी इलाकों के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सरकारी बैठक में कहा कि इज़रायली बल दुश्मन को सीमा से पीछे धकेल रहे हैं और आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान जारी है और यह हाल के दिनों में बिंत जुबैल क्षेत्र में केन्द्रित रहा है। श्री नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से बातचीत की, जिसमें अमेरिका-ईरान वार्ता में गतिरोध पर चर्चा हुई। उनके अनुसार, वार्ता में रुकावट ईरान द्वारा समझौते की शर्तों का पालन न करने के कारण आई।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मुख्य लक्ष्य ईरान के संवर्धित यूरेनियम को हटाना और भविष्य में परमाणु संवर्धन रोकना है, जिसका इज़रायल भी समर्थन करता है। श्री नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी समुद्री नाकेबंदी के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि इज़रायल और अमेरिका के बीच पूर्ण समन्वय है और दोनों देशों के बीच किसी मतभेद की बात गलत है। उन्होंने कहा कि इज़रायल आज अपनी सैन्य क्षमता के चरम पर है और किसी भी खतरे का मुकाबला करने में सक्षम है। साथ ही, उन्होंने कहा कि देश “कभी भी अपनी सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा” और “एक और नरसंहार” को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।

