सीधी : कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर 10 अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए दो दिवस के वेतन कटौती का आदेश जारी किया गया है।उल्लेखनीय है कि 9 मार्च 2026 को संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ सूचना जारी कर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु 10 विभाग प्रमुखों द्वारा संतोषजनक प्रतिरक्षण प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके उपरांत 18 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत वेतन कटौती का आदेश जारी किया गया।
जिन अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है उनमें नवनीत राठिया कार्यपालन यंत्री, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग, गंगाराम बघेल उप संचालक, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, श्रीमती सुमन द्विवेदी सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, त्रयम्बकेश द्विवेदी कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, प्रवेश मिश्रा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, पवन कुमार सिंह जिला शिक्षा अधिकारी, जे.एस. उइके सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य, श्याम बहादुर सिंह कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग), डॉ. बबिता खरे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं डॉ. एस.बी. खरे सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक शामिल हैं।कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा भविष्य में और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
