इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपनी ही बुआ की बेटी के खिलाफ केस दर्ज कराया है. आरोप है कि बहन ने पीड़िता की फोटो को किसी अन्य लड़के के साथ एडिट कर उसे बदनाम करने की नीयत से इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक कर दिया.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि 20 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि यह विवाद गत 26 फरवरी की शाम करीब 5:00 बजे शुरू हुआ. पीड़िता को पता चला कि उसकी बुआ की बेटी ने उसकी एक फोटो को किसी अनजान लड़के की फोटो के साथ आपत्तिजनक तरीके से एडिट किया और उसे इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट कर दिया.
पीड़िता का आरोप है कि उसकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुँचाने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से यह घिनौनी हरकत की गई.घटना की जानकारी मिलने पर जब पीड़िता ने आरोपी बहन से फोटो डालने के संबंध में पूछताछ की और उसे हटाने को कहा, तो वह आगबबूला हो गई. आरोपी युवती ने पहले तो साफ इनकार कर दिया और फिर अभद्रता करते हुए कहा, मैंने फोटो नहीं डाले हैं, तुझे जो करना है कर ले, तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती.इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता को डराते हुए धमकी दी कि अगर ज्यादा होशियार बनी, तो तुझे और तेरे घर वालों को जान से मरवा दूंगी. मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की
