सिवनी: पुलिस ने पवन उर्फ सोनू पाराशर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी घनश्याम प्रजापत (19) सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने बताया कि 9 जुलाई की रात पवन पाराशर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पवन के पास नाबालिग आरोपी की अश्लील तस्वीरें थीं, जिन्हें लेकर वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी के चलते घनश्याम और दोनों नाबालिगों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
पवन को नाबालिग के घर बुलाकर पहले बैठाया गया, फिर घनश्याम ने उसकी गर्दन पर धारदार चाकू से हमला कर 8-10 वार किए। हत्या के बाद शव को पानी भरे गड्ढे में पत्थरों से दबाकर छिपाया गया। खून को बोतल में भरकर झाड़ियों में फेंका गया और मृतक की स्कूटी भी वहीं छिपाई गई। पवन की जेब से 7000 रुपये निकालकर घनश्याम ने किराया चुकाया।सटीक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घनश्याम और दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्पर कार्रवाई की सराहना की।
