
उज्जैन। बीती रात बैतुल से महाकाल दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं की कार उज्जैन शहर से 11 किलोमीटर दूर देवास रोड हवाई पट्टी के पास ट्रक से भिड गई। कार में सवार वृद्ध यशवंत राव 80 वर्ष की मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक वृद्ध की पत्नी को मामूली चोट लगी है।
नरवर थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई के अनुसार बुधवार-गुरूवार दरमियानी देर रात को बैतूल के रहने वाले यशवंत पिता गेंदाराव शिंदे 80 वर्ष अपनी पत्नी सुमन राव और जमाई दादाराव पिता गुलाबराव व रिश्तेदार रवि पिता तेजा राव के साथ कार में सवार होकर उज्जैन महाकाल दर्शन करने के लिए आ रहे थे। रात 2 बजे देवास रोड नरवर थाना क्षेत्र के हवाई पट्टी के समीप ओव्हर टेक करने के प्रयास में उनकी भिड़ंत ट्रक से हो गई। दुर्घटना होते ही कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी लगते ही 108 एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची थी। कार सवार घायलों को बाहर निकालकर चरक अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने वृद्ध यशवंत राव को मृत घोषित कर दिया। जमाई दादाराव और रिश्तेदार रवि की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया। गुरुवार सुबह पुलिस ने मृतक यशवंत राव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया है। मृतक का शव अंतिम संस्कार के लिए बैतूल ले जाने की बात परिजनों ने कही थी।
