12,000 लीटर पानी से बुझी आग, स्थानीय लोगों ने घंटों बुझाने की कोशिश की
इंदौर: रणजीत हनुमान मंदिर के पीछे गुमाश्ता नगर स्थित जय जिनेंद्र ग्राफिक्स और गिफ्ट सेंटर में रविवार देर रात भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया. आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया.मामले में पुलिस जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 2 बजे दुकान से धुआं उठता देख ऊपर रहने वाले परिवार को इसकी भनक लगी. उन्होंने तुरंत मकान मालिक और किरायेदार को सूचना दी, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसी बीच फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर तुरंत आग पर काबू पाया मगर तब तक दुकान का पूरा सामान जल चुका था.
फायर ब्रिगेड के मुताबिक, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 12,000 लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया. दुकान मालिक संतोष जैन उर्फ मामा ने बताया कि मकान मालिक ने उन्हें धुएं की जानकारी दी थी. जब उन्होंने शटर खोला, तो आग और धुएं की लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस और फायर ब्रिगेड घटनास्थल की जांच कर रही हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से.
