
शहडोल। रविवार को देवलोंद थाना क्षेत्र के करौंदिया गांव में घर के कमरे में कई दिन पुराना युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने बताया कि करौंदिया गांव में स्थित एक घर के कमरे में युवक का कई दिन पुराना शव मिलने की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर जांच शुरू की है। मृतक युवक की पहचान बृजेंद्र बैगा के रूप में हुई है। उसकी उम्र 30 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि युवक घर में अकेला रहता था, पत्नी मायके में थी, और मां अपने रिश्तेदारी में पिछले कुछ दिनों पहले चली गई थी। यह जानकारी तब लगी जब रिश्ते की बहन उसके घर पहुंची, और काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई आहट नहीं मिली। घर का दरवाजा भी खुला था और काफी दुर्गंध आ रही थी। तब बहन ने घर के अंदर जाकर देखा तो शव बिस्तर के ऊपर पड़ा था। इसके बाद उसने अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। उसके बाद परिजन थाने पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी के बाद थाना प्रभारी सुभाष दुबे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे।
थाना प्रभारी ने कहा कि मामला संदिग्ध है। हत्या हो सकती है। फिलहाल एफएसएल डॉक्टर अपनी जांच कर रहे हैं। हमने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पत्नी और मां काफी दिनों से घर में मौजूद नहीं थी और युवक अकेला ही घर में रहता था। शव से हाथ के पंजे और पैर के पंजे सहित कुछ अन्य चीज गायब हैं। मामला काफी संवेदनशील है, आज सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
