चिराग पासवान से चौथी बार मिले नित्यानंद राय, सीट बंटवारे पर की चर्चा

नयी दिल्ली 10 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और बिहार विधानसभा चुनाव और सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों नेताओं के बीच सार्थक बातचीत हुयी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लगातार हुयीं बैठकों के बाद दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। श्री राय पिछले तीन दिनों में चौथी बार श्री पासवान से मिलने के लिए उनके सरकारी आवास पहुंचे थे। भाजपा आलाकमान ने श्री पासवान को मनाने की जिम्मेदारी श्री राय को सौंपी हैं। श्री राय गुरुवार को राय दो बार श्री पासवान से मिलने के लिए उनके पहुंचे थे, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही थी।

श्री पासवान ने श्री राय से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, “बहुत सकारात्मक तरीके से चर्चा हुई है। अंतिम दौर में बात पहुंच चुकी है। जल्द ही आपको पता चल जाएगा कि कौन किस सीट से चुनाव लड़ेगा। हमारा मकसद हर एक छोटी बातों पर विस्तृत चर्चा करना था, ताकि बाद में गठबंधन के भीतर कोई विवाद या मतभेद न हो, हम हर चीज पर विस्तार से चर्चा करना चाहते हैं और यह प्रक्रिया अच्छे से चल रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खड़े हैं, वहां उन्हें अपने सम्मान की चिंता नहीं है।

श्री राय ने श्री पासवान से मुलाकात के बाद बताया कि श्री पासवान के साथ मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने कहा, “सीट शेयरिंग और अन्य मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। श्री पासवान ने स्पष्ट कहा है कि जल्द ही सारी घोषणा कर दी जाएगी।”

सूत्रों के अनुसार एक बार तो श्री राय की श्री पासवान से मुलाकात भी नहीं हो पायी थी और वह श्री पासवान की मां से मिल कर लौट गए थे। श्री राय देर शाम भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से साथ श्री पासवान से मिले थे। तीनों नेताओं के बीच लगभग 25 मिनट तक चर्चा चली। कई बार मुलाकात स्थगित भी हुई, लेकिन लगातार बातचीत के बाद अंततः दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक माहौल बन गया। बैठक में हर सीट की विस्तृत, उम्मीदवारों की प्राथमिकता और प्रचार रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुयी। सूत्रों ने बताया कि राजग जल्द की बिहार विधानसभा की सभी सीटों 243 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर सकता है।

गौरतलब है कि श्री पासवान सीट बंटवारे के मुद्दे पर नाराज चल रहे चल रहे थे। सूत्रों के अनुसार श्री पासवान 35-40 सीटें मांग रहे थे, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उन्हें केवल 22-24 सीटें देने पर सहमत था। विशेष रूप से बखरी, शाहपुर कमाल, बेगूसराय रीजन और खगड़िया की कुछ सीटों को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद था।

 

Next Post

कांग्रेस ने मोदी की कूटनीतिक व्यस्तता पर और मंशा पर उठाये सवाल

Fri Oct 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया कूटनीतिक प्रयासों और प्रतिबद्धताओं पर सवाल उठाते हुये कहा है कि वह सिर्फ विदेशी नेताओं की प्रशंसा और सराहना में ही व्यस्त हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक […]

You May Like