नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया कूटनीतिक प्रयासों और प्रतिबद्धताओं पर सवाल उठाते हुये कहा है कि वह सिर्फ विदेशी नेताओं की प्रशंसा और सराहना में ही व्यस्त हैं।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल पूरा दिन ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से बातचीत में और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रशंसा तथा सराहना के संदेश भेजने में बिताया। स्वाभाविक रूप से वो इस दौरान इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी बात करना नहीं भूले, जिन्हें गाज़ा में नरसंहार के लिए ज़िम्मेदार माना जाता है।”
उन्होंने कहा कि लेकिन कल ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने फ़िनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर स्टब के साथ अपनी मुलाक़ात के दौरान, व्यापार और आयात शुल्क को अपना ब्रह्मास्त्र बनाकर ऑपरेशन सिंदूर रोकने के अपने दावे का अर्धशतक पूरा किया। इस मामले में राष्ट्रपति ट्रंप लगातार, ज़िद्दी और दृढ़ बने हुए हैं और लगता है अब उन्हें शतक पूरा करने में भी देर नहीं लगेगी।”
