
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत कटंगा रोड स्थित हवाबाग कॉलेज के पीछे नेत्रहीन छात्रों का धर्मांतरण कराने के आरोप को लेकर शनिवार को हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया था कि हाथापाई तक हुई। पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर समझाइश देते हुए मामला शांत कराया जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि 20 से 30 बच्चों के बयान दर्ज किए गए है वे त्योहार के चलतेे खाना पीना कराने चर्च पहुंचे थे। अब तक की जांच में धर्मांतरण जैसे कोई बात नहीं आई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर स्थित एक चर्च में नेत्रहीन छात्र छात्राओं का धर्मांतरण कराने की सूचना पर हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता पहुंचे थे। आरोप रहा कि जॉनसन स्कूल कैंपस के पीछे स्थित एक चर्च में क्रिसमस कार्यक्रम के नाम पर छात्रावासों से दिव्यांग छात्र छात्राओं को बुला कर चर्च के अंदर उनसे प्रार्थना कराई जा रही थी, दिव्यांग बच्चों को लालच देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। इस दौरान हिन्दू संगठन के कार्यकर्ता और चर्च में मौजूद लोगों के बीच विवाद हुआ जो हाथापाई तक जा पहुंचा था मामले की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। जिसके बाद आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच होगी और दोनों पक्षों को शांत कराया गया। इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। टीआई नितिन कमल ने बताया कि 25 से 30 बच्चों के बयान लिए गए है। वे चर्च में क्रिसमस कार्यक्रम के तहत पहुंचे थे। खाना पीना समेत अन्य कार्यक्रम थे। बच्चों के बयान के दौरान अब तक की जांच में धर्मातरण जैसी कोई ब ात सामने नहीं आई है। त्योहार के चलते खाना -पीना कराने बच्चों को बुलाया गया था।
