ग्वालियर: ग्वालियर के नवागत नगर निगम कमिश्नर संघप्रिय ने एसएस फार्मूले पर काम शुरू कर दिया है। ग्वालियर जॉइन करने से पूर्व भी उन्होने एसएस को अपनी सबसे पहली प्राथमिकता बताया था। एसएस यानि सफाई और संपत्तिकर। कमिश्नर संघप्रिय ने सबसे पहले इन्ही दोनों मु्द्दों पर फोकस किया है।उन्होने केदारपुर स्थित कचरा निस्तारण केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कर्मचारियों का नियमित स्वास्थ परीक्षण कराने, लीगेसी वेस्ट का तय समय सीमा में निस्तारण करने, नए ठोस अपशिष्ट से जुड़े प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द जमीन पर लाने और उनमें आ रही रुकावटों को तत्काल हल करने के साथ ही उच्च न्यायालय के स्वच्छता के संबंध में दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर पालन करने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कचरा निस्तारण केंद्र पर कार्य करने वाले सभी सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण समय-समय पर कराया जाए, जिसमें सांस से संबंधित बीमारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी शामिल हो । कचरा निस्तारण केंद्र पर कार्य करने वाले सभी सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण पहनने के बाद ही कार्य कराया जाए।इसके बाद उन्होंने लिगेसी वेस्ट निपटान के कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में उन्होंने निर्देश दिए की मार्च 2025 तक पूरे कचरे का निपटान कर दिया जाए। कचरा निस्तारण के कार्य को और तेज गति के साथ किया जाए जिससे तय समय सीमा में कार्य पूरा हो सके। इसके बाद निगम आयुक्त ने सभी सफाई मित्रों से बातचीत कर काम में आने वाली परेशानियां के बारे में जाना और उन्हें अपना मोबाइल नंबर दिया ,उन्होंने कहा कि अगर किसी सफाई मित्र को कोई परेशानी आए तो वहां उन्हें सूचित कर सकता है।
