विशेष सम्मिलन का भाजपा पार्षदों ने किया बहिष्कार

रीवा,  नगर पालिक निगम की 20वीं विशेष सम्मिलन की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई. जनता की समस्याओं पर चर्चा होनी थी लेकिन पार्षदों ने विरोध और बायकाट कर दिया. परिषद की बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने आयुक्त और अधिकारियों का विरोध किया. शहर में जलभराव की स्थिति के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार माना और महिला पार्षदों ने अधिकारियों और आयुक्त को चूड़ी, बिंदी भेंट की. इसके बाद परिषद नहीं चली.

इस परिषद में कांग्रेस और भाजपा के पार्षद एक जुट नजर आए. सभी ने मिलकर हंगामा खड़ा किया और बिना जनता के मुद्दों पर चर्चा हुए ही परिषद की बैठक खत्म हो गई. यह बैठक आयुक्त को निशाने पर रख कर की गई थी. जब चूड़ी, बिंदी आयुक्त को देनी थी उसके पहले ही महापौर और अध्यक्ष परिषद से निकल गए थे. इसके बाद महिला पार्षदों ने अपना काम कर दिया. भाजपा के पार्षदों की मांग पर 20वीं विशेष सम्मलिन आयोजित की गई. मंगलवार को नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक की शुरुआत हुई. बैठक की शुरुआत ही आयुक्त और नगर निगम के कर्मचारियों के विरोध से शुरू हो गया. पहले से ही आयुक्त और नगर निगम के कर्मचारियों को चूड़ी, बिंदी देने की योजना बनाई गई थी. इस पर अमल बैठक में हुआ. जैसे ही बैठक शुरू हुई. महिला पार्षद अधिकारियों के पास पहुंची और उन्हें जनता की समस्याओं को नजर अंदाज करने के लिए चूड़ी और बिंदी भेंट कर दिए. अधिकारियों से कहा गया कि जब वार्ड में लोगों की समस्याएं देखने और निराकरण करने नहीं जाना है तो वह यह चूड़ी और बिंदी पहने. जनता की समस्याओं का निराकरण वह कर लेंगे. चूड़ी, बिंदी देने के बाद पार्षदों ने बैठक का बायकाट कर दिया. बैठक में साफ सफाई व्यवस्था, रीवा नगर निगम में कराए जाने वाले निर्माण कार्य, केन्द्र और राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा, पेयजल व्यवस्था और सीवरेज रेस्टोरेशन के कार्य पर चर्चा की जानी थी. हालांकि एक भी बिंदु पर चर्चा नहीं हो पाई. पार्षदों ने वार्डों में खराब सडक़ों का मुद्दा उठाया तो अध्यक्ष ने दो टूक कह दिया. जब मेरे ही घर के सामने की सडक़ नहीं बन पा रही है तो दूसरों की कैसे बनवा सकता हूं. उन्होंने कहा कि सब मेरे पास आते हैं. काम नहीं होता है तो उल्टा सीधा कह कर जाते हैं. विशेष सम्मिलन की बैठक में भाजपा के पार्षद सबसे ज्यादा आक्रोशित दिखे. कुल मिलाकर कांग्रेस और भाजपा दोनो दलों के पार्षद आयुक्त और अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाखुश थे. उसी का परिणाम था कि बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई.

जिन्होंने विशेष सम्मिलन की मांग की वही चर्चा से भाग गए

भाजपा पार्षदों ने स्वयं अध्यक्ष को पत्र लिखकर विशेष सम्मिलन बुलाने की मांग की थी. लेकिन जनता से जुड़े मुद्दो को लेकर चर्चा की बजाय परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा करते हुए बहिष्कार कर सदन से बाहर चले गये. अब सवाल यह उठता है कि यदि चर्चा से भागना ही था तो विशेष सम्मिलन बुलाने की मांग आखिर किस उद्देश्य से की गई थी. दरअसल विशेष सम्मिलन में शहर और आम जनता से सीधे जुड़े 5 महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा होनी थी. सदन में चर्चा होती और जनता के हित में ठोस निष्कर्स निकलता. महापौर अजय मिश्रा बाबा, आयुक्त एवं अधिकारी चर्चा के लिये तैयार थे, लेकिन भाजपा पार्षदों ने बहिष्कार कर दिया और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर किनारा कर लिया. तेज बारिश के कारण रीवा शहर पानी पानी हो गया है. लोगों के घर और मोहल्लों में पानी भर गया है. सीवरेज के कारण सडक़ें खोद दी गई हैं. घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा था. इसके कारण पार्षदों ने विशेष सम्मिलन बुलाने की मांग की थी.

वार्डों में जलभराव पर पार्षदों ने जताई नारागी

एक दिन की बारिश में ही पूरा शहर जलमग्न हो गया है. परिषद की बैठक में जलभराव प्रमुख मुद्दा रहा. इसके कारण भी पार्षदों का गुस्सा भडक़ गया. इसके अलावा पार्षदों ने आरोप लगाया कि आयुक्त के पास जब जनता की समस्याएं लेकर जाते हैं तो वह कहते हैं कि हम भी जनता की सुनते हैं तो आप भी सुनो. धीरे धीरे ही सारी समस्याओं का निराकरण होगा. इसी बात पर भी पार्षदों का गुस्सा साफ नजर आया.

वार्ड 13 की पार्षद ने भी महापौर और अध्यक्ष की दी चूडिय़ां

नगर निगम परिषद की बैठक में सिर्फ चूड़ी, बिंदी ही प्रमुख रहा. भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने अधिकारियों को शर्मिंदित किया. इसके अलावा वार्ड 13 की पार्षद नम्रता सिंह ने महापौर और अध्यक्ष को चूड़ी, बिंदी भेंट की. उन्होंने नेहरू नगर की अव्यवस्था के लिए इन दोनों को ही जिम्मेदार ठहराया है.

Next Post

एक्सीडेंट करने पर वाहन चालक को दो वर्ष की सजा

Tue Jul 7 , 2026
छिंदवाड़ा. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी छिंदवाडा के द्वारा एक्सीडेंट के ममले में आरोपी विजय इरपाचे पिता महासी इरपाचे 28 वर्ष निवासी सगोनिया हाल चित्रकुट कॉम्प्लेक्स छिन्दवाड़ा को दो वर्ष की सजा और वाहन स्वामी शैलेन्द्र पिता जीत सिंह कवरेती 37 वर्ष निवासी पुलिस लाईन सिवनी को अर्थदंड की सजा सुनाई […]

You May Like