नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मध्य प्रदेश के कुख्यात पारदी गिरोह के फरार सदस्य को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी धरनावदा, जिला गुना (म.प्र.) निवासी मोहन पारदी पर हत्या और डकैती सहित पाँच जघन्य मामलों में आरोप था। वह वर्ष 2024 से फरार चल रहा था और उस पर 12 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
अपराध शाखा के उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने आज बताया कि डब्ल्यूआर-II/अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर लुधियाना में छिपे आरोपी का पता लगाया। 30 सितंबर को स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को दिल्ली लाकर पूछताछ की गई और बाद में गुना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या, हत्या का प्रयास, गैर इरादतन हत्या, डकैती और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
जांच में पता चला कि पारदी गिरोह के सदस्य आदिवासी समुदाय से हैं जो दो से पाँच परिवारों के समूह में घूमते हैं। ये दिन में खिलौने और गुब्बारे बेचने का दिखावा करते हुए घरों की टोह लेते और रात में चोरी या डकैती करते हैं। अगर घर में कोई जाग जाता, तो वे हमला कर उसकी हत्या कर देते और गहने-नकदी लूटकर भाग जाते।
आरोपी मोहन पारदी ने वर्ष 2024 में अपने गाँव के सरपंच की हत्या की थी और तब से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पारदी गिरोह के खिलाफ अपराध शाखा की दो वर्षों में पहली बड़ी सफलता मानी जा रही है।
