सौसर:हाइवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोरगांव के पास कशिस पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सौसर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के कोदेगांव से बेरडी स्थित दहिलाही कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अचानक ऑटो का नियंत्रण बिगड़ने से यह हादसा हुआ। बताया गया कि ऑटो में जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे तथा घटना के दौरान चालक ऑटो को पेट्रोल पंप की ओर टर्न कर रहा था।
बहरहाल सूचना मिलने पर लोधीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, घायलों के परिजनों को भी सूचना दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
