नई दिल्ली, 06 दिसंबर, 2025: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच क्राइस्टचर्च में खेला गया तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेस्टइंडीज ने पलटवार करते हुए ड्रा करा लिया है। 531 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही, लेकिन जस्टिन ग्रीव्स (202 रन)* और केमार रोच (58 रन)* ने संयम का परिचय दिया। दोनों ने 67.5 ओवर में 180 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए न्यूजीलैंड से जीत छीन ली, जिसे वेस्टइंडीज के लिए जीत से भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जस्टिन ग्रीव्स ने 388 गेंदों का सामना करते हुए 202 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनका पहला दोहरा शतक है, जो न्यूजीलैंड की कठिन परिस्थितियों में आया है। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए 37 वर्षीय केमार रोच ने भी 233 गेंदों का सामना करते हुए अपना पहला अर्धशतक जड़ा। इससे पहले, शाई होप (140 रन) और ग्रीव्स ने पाँचवें विकेट के लिए 196 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए टीम को मैच में वापस लाया था।
मैच में वेस्टइंडीज पर बड़ी हार का खतरा तब मंडरा रहा था जब टीम ने 531 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने 4 शीर्ष बल्लेबाजों को सिर्फ 72 के स्कोर पर खो दिया था। वेस्टइंडीज ने 6 विकेट पर 457 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराया। पहली पारी में 64 रनों से पिछड़ने के बावजूद, ग्रीव्स, होप और रोच की बदौलत टेस्ट को ड्रॉ कराना इस टीम की ताकत, साहस और इतिहास रचने की क्षमता को दिखाता है।

