सतना: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सतना सांसद गणेश सिंह ने मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान सबसे प्रमुख विषय सतना स्मार्ट सिटी के लिए स्वीकृत 20 ई-बसों का रहा, जिन्हें बाद में दूसरे शहरों को आवंटित कर दिया गया। सांसद ने मुख्यमंत्री से कहा कि इस निर्णय पर पुनर्विचार कर सतना के हिस्से की ई-बसें वापस जिले को उपलब्ध कराई जाएं।
भोपाल स्थित स्टेट हैंगर में हुई मुलाकात में सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि हाल ही में शुरू हुए अंतरराज्यीय बस स्टैंड का लोकार्पण स्वयं मुख्यमंत्री ने किया था। नए बस स्टैंड से यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए ई-बसों की अत्यंत आवश्यकता है। वर्तमान में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सतना स्मार्ट सिटी के लिए स्वीकृत बसों को दूसरे शहरों में भेजे जाने से स्थानीय नागरिकों की उम्मीदों को झटका लगा है।
सीएस-पीएस से भी मिले सांसद
सांसद गणेश सिंह ने बताया कि इसी मांग को लेकर उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन विभाग से भी अलग-अलग मुलाकात कर सतना को उसकी 20 ई-बसें उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव ने इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन दिया है तथा सतना के हित में पुनर्विचार करने की बात कही है।
