​सावधान भी कर रहा, पैसे भी दिला रहा, मप्र पुलिस का सेफ क्लिक 2.0 अभियान

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस का राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर ठगी के शिकार लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। अभियान के शुरुआती चरण में ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के पीड़ितों को करीब 4 लाख 74 हजार रुपये की राशि वापस दिलाकर लोगों का भरोसा मजबूत किया है।

अभियान के तहत प्रदेशभर में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा पुलिस चौपालों के माध्यम से लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड, मैट्रिमोनियल स्कैम, फिशिंग लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और क्यूआर कोड से जुड़ी साइबर ठगी के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 और डायल 112 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

देवास में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में जिला साइबर सेल ने 16 पीड़ितों को कुल 3 लाख 98 हजार 719 रुपये वापस दिलाए। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) के माध्यम से बैंकों और संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर ठगी गई राशि होल्ड कराकर पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।

इसी तरह खरगोन में पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के नेतृत्व में साइबर सेल ने मैट्रिमोनियल गिफ्ट स्कैम और ऑनलाइन निवेश ठगी के दो मामलों में 74 हजार 956 रुपये की राशि पीड़ितों को वापस दिलाई।

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, आकर्षक ऑनलाइन ऑफरों के झांसे में न आएं तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी गई राशि वापस दिलाई जा सके।

 

Next Post

लाहौर में ट्यूशन सेंटर की छत गिरी, 14 बच्चों की दर्दनाक मौत और 20 घायल

Wed Jul 1 , 2026
पाकिस्तान के लाहौर में एक ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 स्कूली बच्चों की मौत हो गई और 20 बच्चे घायल हो गए। मलबे में कई और बच्चों के दबे होने की आशंका है। पाकिस्तान से एक बहुत ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। […]

You May Like