तिराना (अल्बानिया) 02 मार्च (वार्ता) भारतीय पहलवान ललित ने मुहामेट मालो 2026 कुश्ती टूर्नामेंट के आखिरी दिन ग्रीको-रोमन 55 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। इसी के साथ टूर्नामेंट में भारत के पदकों की संख्या सात हो गई।
रविवार को खेले गये मुकाबले में 23 साल के भारतीय पहलवान, जिन्होंने 2023 में अंडर 23 एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था, ने यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में अपना पहला पोडियम कजाकिस्तान के आर्सेन ज़ुमा पर 9-0 से जीत के साथ पक्का किया, जो पिछले साल अंडर 20 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता थे।
इससे पहले ड्रॉ में, ललित ने क्वार्टर-फाइनल में अल्बानिया के एंडी मुका पर 8-0 की टेक्निकल सुपीरियोरिटी से जीत दर्ज की थी। फिर उन्हें सेमी-फाइनल में अजरबैजान के राशद मम्मादोव ने 6-5 से हराया।
भारत के विश्वजीत मोरे ने भी ग्रीको-रोमन 55 किग्रा भार वर्ग में हिस्सा लिया, लेकिन कजाकिस्तान के मार्लन मुकाशेव से कांस्य पदक मुकाबला हार गए।
भारत ने मुहामेट मालो 2026 के लिए 48 लोगों की रेसलिंग टीम भेजी, जिसमें पुरुषों की फ्रीस्टाइल, महिलाओं की डिवीजन और ग्रीको-रोमन कैटेगरी में 16-16 लोग शामिल थे। भारत ने इस टूर्नामेंट में एक स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल सात पदक जीते है।
