बीएमसी में कैंसर मरीजों को बड़ी सौगात: अत्याधुनिक ओंको-सर्जरी वार्ड का शुभारंभ

सागर। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय (बीएमसी), सागर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में आज एक नया मील का पत्थर स्थापित किया गया। बीएमसी के सर्जरी विभाग में कैंसर पीड़ितों के सुगम इलाज हेतु विशेष ‘ओंको-सर्जरी वार्ड’ का विधिवत उद्घाटन किया गया।

डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर ने किया उद्घाटन

वार्ड का शुभारंभ बीएमसी के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. पी.एस. ठाकुर के कर-कमलों द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएमसी में कैंसर के ऑपरेशन कराने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस समर्पित वार्ड के बन जाने से अब कैंसर के गंभीर मरीजों को सर्जरी से पहले और बाद में एक ही छत के नीचे विशेष देखभाल मिल सकेगी।

उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से अधीक्षक डॉ राजेश जैन, सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक श्रीवास्तव, डॉ. सुनील सक्सेना, डॉ. अखिलेश रत्नाकर, डॉ. सौरभ जैन, डॉ. जितेन्द्र डांगी उपस्थित रहे। इन सभी चिकित्सा विशेषज्ञों ने इस पहल को कैंसर के विरुद्ध जंग में एक बड़ा कदम बताया।

मरीजों को मिलेंगे ये लाभ:

नि:शुल्क उपचार: गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अब कैंसर जैसी घातक बीमारी का महंगा इलाज और सर्जरी पूरी तरह नि:शुल्क और बेहतर गुणवत्ता के साथ मिल सकेगी।

फोकस्ड केयर: सामान्य वार्ड से अलग होने के कारण संक्रमण का खतरा कम होगा और कैंसर मरीजों पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।

बेहतर सुविधाएं: इस वार्ड को कैंसर सर्जरी की आधुनिक जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया है।

मीडिया प्रभारी डॉ सौरभ जैन ने बताया कि इस नई सुविधा के शुरू होने से अब सागर एवं आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए महानगरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। बीएमसी प्रबंधन की इस पहल की क्षेत्र के नागरिकों ने सराहना की है।

Next Post

लोकसभा अध्यक्ष को हटाने के प्रस्ताव पर हो सकती है चर्चा, भाजपा ने सांसदों को जारी किया व्हिप

Fri Mar 6 , 2026
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत 9 मार्च से होने जा रही है। इस चरण के दौरान लोकसभा में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। इसी क्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को पद से हटाए जाने से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा […]

You May Like