जबलपुर: कैंट थाना अंतर्गत मोदीबाड़ा सदर में चरित्र पर गलत इल्जाम, तीखे तानों से आहत होकर 17 जून को एक 35 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली थी। मृतका ने आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपने पति को फोन कर कहा था ये लोग मुझ पर गलत इल्जाम लगा रहे हैं, मैं जहर खा रही हूं… तुम बच्चों को संभाल लेना। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मृतका की चाची सास, चचेरी बहन और एक अन्य युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर तीनों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सदर कैंट निवासी जावेद घोषी की पत्नी शमा परवीन (35) 17 जून को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर के सामने पहुंची थीं। वहां अतिक्रमण कार्रवाई में हटाई गई एक दीवार का मलबा पड़ा था। शमा जैसे ही वहां से ईंटें उठाने लगीं, पड़ोस में रहने वाली उनकी चाची सास नजमा घोषी ने उन्हें टोक दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई थी। विवाद बढ़ता देख नजमा की बेटी अमरीन घोषी भी अपनी मां के पक्ष में वहां कूद पड़ी थी।
अमरीन ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए शमा परवीन के चरित्र को लेकर सरेराह आपत्तिजनक अपशब्द कहे थे इस अपमान और सामाजिक बदनामी के डर से शमा परवीन को गहरा मानसिक आघात लगा। इस अपमान से बिलखती हुई शमा ने चाची के बेटे सद्दाम घोषी को फोन कर अमरीन और नजमा की प्रताड़ना की शिकायत की थी। लेकिन हमदर्दी जताने के बजाय सद्दाम ने क्रूरता की हद पार कर दी थी। उसने शमा को कहा तू मरती है तो मर जा, तेरे जैसी बहुत देखी हैं। इस मानसिक उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर शमा परवीन का हौसला टूट गया था आवेश में आकर घर के बाहर जाकर जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया था।
शमा ने जीसीएफ फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे अपने पति जावेद को फोन लगाया था। रोते हुए पूरी आपबीती बताई थी और बच्चों का ख्याल रखने की बात कहकर फोन काट दिय था। बदहवास पति जब घर पहुंचा, तो शमा घर पर नहीं थीं। छोटे भाई शाहिद ने फोन पर सूचना दी कि शमा ने जहर खा लिया है और उन्हें विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर हालत में शमा को विक्टोरिया से नेशनल अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जब मृतका के पति जावेद और मायके पक्ष के माता-पिता के बयान दर्ज किए, तो पूरी साजिश और प्रताड़ना का खुलासा हुआ। सद्दाम घोषी (33), अमरीन घोषी (36) , नजमा घोषी (57) सभी निवासी मोदीबाड़ा, सदर कैंट के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तीनों को अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया है।
