सीहोर:यातायात पुलिस का अभियान बंद हुआ तो एक बार फिर शराब के नशे में चालक सड़कों पर वाहन दौड़ाने लगे. बीती रात स्टेट हाईवे स्थित अमलाहा पुलिस चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी उस वक्त बाल- बाल बच गए जब एक बेकाबू ट्रक सड़क से सीधे पुलिस चौकी परिसर में घुस आया. सामने मौत आती देख पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई. हालांकि ट्रक की चपेट में आकर वहां रखी कई बाइक चकनाचूर हो गईं. आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए मेडीकल कराया जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है.
लंबी दूरी के अधिकांश वाहन चालक रात में जागने के लिए नशे का सेवन करते हैं. हाल ही में पुलिस प्रशासन द्वारा हाईवे पर चलने वाले वाहनों के चालकों की जांच की थी तो कई शराब के नशे में पाए गए थे. गुरुवार को भी जावर पुलिस ने ट्रैक्टर से लदे एक ट्राले को रोका तो जांच के दौरान चालक शराब के नशे में पाया गया था. उसके बाद ट्राला जब्त करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद भी शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले सामने आ रहे हैं.
ऐसा ही एक मामला बीती रात सामने आया. शराब के नशे में ट्रक चालक ने वाहन को बेतरतीब ढंग से चलाया. बेकाबू ट्रक अमलाहा पुलिस चौकी के परिसर में जा घुसा. जिस समय तेज गति से अनियंत्रित ट्रक चौकी परिसर में घुसा, तब कुछ पुलिसकर्मी चौकी परिसर में मौजूद थे. सामने से आ रही मौत को देखकर घबरा गए और भागकर अपनी जान बचाई. हालांकि ट्रक की चपेट में आने से वहां खड़ी कई बाइक चकनाचूर हो गईं. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक और शराब पीकर वाहन चलानेकी धाराओं में प्रकरण कायम किया है.मामले में जानकारी देते हुए अमलाहा चौकी प्रभारी चिन्मय मिश्रा ने बताया कि बीती रात चौकी में ट्रक लेकर आने वाले चालक का मेडीकल कराया गया है, जिसमें डाक्टरों ने उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि की है. आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है. इस हादसे में केवल कुछ बाइक ही क्षतिग्रस्त हुई हैं.
अगर नहीं भागते पुलिसकर्मी तो हो जाती अनहोनी
पुलिस के बताए अनुसार समीपस्थ ग्राम भीलखेड़ी निवासी चालक पवन कुमार वर्मा ट्रक में ऑइल के डिब्बे भरकर पीथमपुर से भोपाल के समीप मंडीदीप जा रहा था. बताया जाता है कि चालक शराब के नशे में धुत था. भोपाल- इंदौर हाईवे स्थित अमलाहा चौकी के पास नशे के कारण वह ट्रक से अपना संतुलन खो बैठा. नतीजतन ट्रक सीधे चौकी परिसर में जा घुसा. इस दौरान वहां खड़ी कई बाइक ट्रक की चपेट में आ गईं. इनमें से पुलिसकर्मियों के साथ कुछ बाइक दूसरे लोगों की भी थीं. घटना के समय चौकी में करीब 9 पुलिसकर्मी और अन्य लोग मौजूद थे. इनमें से जो बाहर बैठे थे वह तेजी से उठकर अलग नहीं हटते तो शायद बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता था.
चौकी से कुछ ही दूरी पर है चालक का गांव
जिस चालक ने इस घटना को अंजाम दिया वह अमलाहा पुलिस चौकी से महज तीन किमी दूर भीलखेड़ी गांव का ही रहने वाला है. इस घटना के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर चालक शराब का सेवन किए हुए था तो उसने चौकी में ही क्यों ट्रक को घुसाया और बाइक पर चढ़ाकर क्षतिग्रस्त किया. इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है. हालांकि पुलिस हर बिन्दु पर जांच करती है तो ही वास्तविक कारण सामने आएगा. पुलिस ने आरोपी चालक का मेडिकल कराया तो उसमें शराब का सेवन करने की पुष्टि हुई है. आरोपी के खिलाफ प्रकरण कायम किया है. इसकी सूचना मिलने पर आष्टा थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने भी चौकी पहुंचकर स्टाफ से घटना की पूरी जानकारी ली.
