
इटारसी। ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के खिलाफ जीआरपी पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। भोपाल रेल पुलिस अधीक्षक के विशेष अभियान के तहत इटारसी जीआरपी ने राजधानी एक्सप्रेस में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से शत-प्रतिशत मशरुका बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत करीब 8 लाख 52 हजार रुपये आंकी गई है।
राजधानी एक्सप्रेस में सो रहे यात्री का बैग उड़ाया
बीते 6 मई 2026 को कर्नाटक के मांड्या निवासी रमेश पिता मुल्लाक्ट्टे सिद्दलह अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 22692 हजरत निजामुद्दीन-बेंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस के ए-3 कोच में यात्रा कर रहे थे. ग्वालियर से यात्रा शुरू करने के बाद जब ट्रेन इटारसी स्टेशन के नजदीक पहुंची, तो अज्ञात चोर ने उनकी पत्नी का पर्पल-ग्रीन लेडीज हैंडबैग पार कर दिया. बैग में सोने का मंगलसूत्र, नगदी, एक वनप्लस मोबाइल और सैमसंग का टैबलेट रखा हुआ था. बेंगलुरु जीआरपी में शून्य पर मामला दर्ज होने के बाद डायरी इटारसी भेजी गई, जहां असल अपराध क्रमांक 380/26 धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से खुली कड़ी
रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एएसपी नीतू सिंह डावर और डीएसपी महेंद्रसिंह कुल्हारा के निर्देशन में इटारसी थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने भोपाल, रानी कमलापति और इटारसी स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद से चोरी गए मोबाइल की सीडीआर निकाली गई, जिससे पहला सुराग हाथ लगा। पुलिस ने सबसे पहले पुतलीघर भोपाल निवासी शमीम अख्तर (68 वर्ष) को दबोचा, जिसके पास से चोरी का वनप्लस मोबाइल बरामद हुआ। शमीम ने बताया कि उसने यह मोबाइल अपने परिचित भूरा उर्फ आशीष से महज 1,000 रुपये में खरीदा था।
भोपाल से दबोचा मुख्य आरोपी, 2 दिन के रिमांड पर
सह-आरोपी शमीम की निशानदेही पर जीआरपी टीम ने 12 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी भूरा उर्फ आशीष पिता पप्पू वंशकार (20 वर्ष), निवासी करौंद चौराहा भोपाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह रात 1 से सुबह 5 बजे के बीच ट्रेनों के आरक्षित कोचों में अनाधिकृत रूप से घुसकर गहरी नींद में सो रहे यात्रियों का सामान पार करता था और ट्रेन धीमी होते ही आउटर पर कूदकर भाग जाता था। पुलिस ने आरोपी के पास से 8 लाख रुपये कीमत का 54.3 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र और 30 हजार रुपये का सैमसंग टैबलेट बरामद किया है. आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और पुलिस फिलहाल दो दिन के रिमांड पर उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है. इस सफलता पर पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
