ब्रिटिश सरकार की कार्रवाई ही उनकी ईमानदारी तय करेगी : भारत

नयी दिल्ली 07 मार्च (वार्ता) भारत ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की ब्रिटेन यात्रा के दौरान लंदन में खालिस्तानी अलगाववादियों एवं चरमपंथियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में सेंध को ‘बड़ी घटना’ बताते हुए इस बारे में ब्रिटिश विदेश मंत्रालय के बयान को दरकिनार कर दिया है और कहा है कि बयान की ईमानदारी का पता ब्रिटिश सरकार की कार्रवाई से ही चलेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज यहां नियमित ब्रीफिंग में ब्रिटेन की घटनाओं पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में कहा, “हमने विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर की यात्रा के दौरान ब्रिटेन स्थित अलगाववादी और चरमपंथी तत्वों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के उल्लंघन के बारे में ब्रिटेन के अधिकारियों को अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है।

घटना का एक बड़ा संदर्भ है जो ऐसी ताकतों को दिए गए लाइसेंस के साथ-साथ ब्रिटेन में हमारी वैध राजनयिक गतिविधियों को बाधित करने के उद्देश्य से उनके डराने, धमकी देने और अन्य कार्यों के प्रति (सुरक्षा एजेंसियों की) उदासीनता दोनों को उजागर करता है।”

श्री जायसवाल ने कहा, “हमने इस मामले पर ब्रिटेन के विदेश कार्यालय द्वारा जारी बयान पर ध्यान दिया है, इसकी ईमानदारी के बारे में हमारा विचार इस और पिछले अवसरों पर अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर निर्भर करेगा।”

उल्लेखनीय है कि खालिस्तानी आतंकवादियों ने बुधवार को लंदन में डॉ. जयशंकर का रास्ता रोकने करने का प्रयास किया, भारत विरोधी नारे लगाये तथा भारतीय ध्वज फाड़ दिया जबकि वहां मौजूद स्थानीय सुरक्षा अधिकारी हस्तक्षेप करने की बजाय पूरी तरह से निष्क्रिय और उदासीन बने रहे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता श्री जायसवाल ने कल अपने बयान में अलगाववादियों और चरमपंथियों के इस छोटे समूह की भड़काऊ गतिविधियों की निंदा की थी और उम्मीद जतायी थी कि ऐसे मामलों में मेजबान सरकार अपने राजनयिक दायित्वों को पूरी तरह से पूरा करेगी।

Next Post

डोकलाम पर सीमांकन को लेकर भारत भूटान के बीच विचार मंथन

Fri Mar 7 , 2025
नयी दिल्ली 07 मार्च (वार्ता) भारत एवं भूटान ने दोनों देशों के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर डोकलाम सहित विवादास्पद मुद्दों के समाधान के लिए 06-07 मार्च को दो दिन तक गहन विचार मंथन किया। विदेश मंत्रालय ने आज यहां एक विज्ञप्ति में बताया कि सीमा संबंधित मामलों की समीक्षा के […]

You May Like