सिंगरौली: कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं उपखंड अधिकारी डॉ. सुशीर श्रीकृष्णा श्रीराम के मार्गदर्शन में सोमवार को ग्राम पंचायत नौढ़िया क्षेत्र में लंबे समय बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। तहसीलदार साक्षी गौतम, राजस्व विभाग के कर्मचारियों एवं जियावन पुलिस की मौजूदगी में ग्राम पंचायत द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है।
बताया गया कि नौढ़िया क्षेत्र में एनएच-39 के दोनों ओर लंबे समय से छोटे-बड़े अतिक्रमण किए गए थे। सड़क किनारे बेजा कब्जे के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग की जाती रही, लेकिन लंबे समय तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी।
नवागत एसडीएम ने लिया संज्ञान
नवागत उपखंड अधिकारी डॉ. सुशीर श्रीकृष्णा श्रीराम ने पदभार ग्रहण करने के बाद क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान नौढ़िया क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनहित में विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में ग्राम पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
यूनियन बैंक से बलदेव चौराहा तक कार्रवाई
सोमवार 7 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे से यूनियन बैंक से बलदेव चौराहा तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। ग्राम पंचायत की इस कार्रवाई से लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या से परेशान लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियान को निरंतर जारी रखते हुए छोटे अतिक्रमणकारियों के साथ-साथ बड़े और प्रभावशाली अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध भी समान रूप से नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों को उम्मीद है कि ग्राम पंचायत और प्रशासन के समन्वय से एनएच-39 के दोनों ओर अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
