नयी दिल्ली, (वार्ता) कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ का ट्रेलर गुरुवार को लॉन्च हो गया। समीर विद्वान के निर्देशन में बनी यह फिल्म प्यार, रोमांस, दिल टूटने, धोखे और इमोशनल टकराव की पेश करती है।
तीन मिनट और 21 सेकंड का ट्रेलर कार्तिक आर्यन के संवादों से शुरू होता है, जिसमें वह अतीत के बारे में सोचे बिना पल में जीने की बात करते हैं। इसके बाद ट्रेलर में कार्तिक और अनन्या के किरदारों को दिखाया जाता है, जिनका रोमांस छुट्टियों के दौरान शुरू होता है जब उन्हें एक यॉट पर साथ रहने के लिये कहा जाता है। खूबसूरत भूमध्य सागर पर शूट की गयी यह फिल्म उनकी बढ़ती केमिस्ट्री, ग्लैमरस पार्टियों और बेफिक्र पलों को दिखाती है।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, कहानी एक हल्की-फुल्की छुट्टियों के रोमांस से हटकर उम्मीदों और इमोशन्स की ओर मुड़ने लगती है। रेहान (कार्तिक) मानता है कि उसके कई अफेयर रहे हैं लेकिन उसने कभी “आई लव यू” नहीं कहा, जबकि रूमी (अनन्या) एक गहरा और ज़्यादा अर्थपूर्ण रिश्ता चाहती है।
ट्रेलर के आखिरी पलों में कार्तिक आर्यन को हौसला खोते हुए दिखाया गया है क्योंकि वह सोचता है कि रिश्ते के टूटने की वजह क्या थी। कार्तिक आर्यन ने ट्रेलर रिलीज़ होने के तुरंत बाद इसे अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया।
धर्मा प्रोडक्शंस और नमः पिक्चर्स की इस प्रस्तुति के निर्माता करण जौहर, आदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, शरीन मंत्री केडिया और किशोर अरोड़ा हैं। कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे के साथ, कास्ट में जैकी श्रॉफ और नीना गुप्ता भी शामिल हैं। ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। कार्तिक और अनन्या आखिरी बार ‘पति पत्नी और वो’ में एक साथ नज़र आए थे।
